स्पोर्ट्स आइकॉन ऋषिराज ध्रुव को सम्मानित करते पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अजय धाकरे
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत की ओर से में नो योर वोट, अपने वोट के बारे में जाने विषय पर युवा संवाद कराया गया। इसमें युवाओं को एसआईआर, उसके कानूनी आधार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इसमें जेन जी ने अतिथियों से सवाल किए। यह पूछा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की पात्रता क्या है। नाम या पते में यदि संशोधन कराना है तो उसकी प्रक्रिया क्या होगी और एसआईआर का महत्व क्या है। इन सवालों के सटीक जबाव दिए गए।यह भी बताया गया कि सूची में नाम शामिल कराने के लिए अभियान चलेगा, उसमें यह कार्य किया जा सकता है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, विशिष्ट अतिथि डॉ. सुनील यादव और कॉलेज प्रबंधक शिव मोहन यादव ने युवाओं के सवालों के जबाव दिए। युवा आइकॉन इरम वारसी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची के महत्व और निर्वाचन संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। माय भारत की उपनिदेशक सोनिका चन्द्रा के निर्देशन में आयोजित इस संवाद में एसआईआर व मतदान प्रक्रिया से संबंधित तमात जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस मौके पर खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले साई, सैफई केंद्र के अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी व स्पोर्ट्स आइकॉन ऋषिराज ध्रुव को सम्मानित किया। ऋषिराज ने युवाओं के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने खेल के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का महत्व बताते हुए युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। श्री तिरुपति बालाजी पीजी कॉलेज, छिमारा, सैफई में आयोजित कार्यक्रम में माय भारत की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा, एनएसएस के नोडल अधिकारी डॉ. नीरज कुमार, कॉलेज के एनएसएस प्रभारी पुनीत मिश्रा और डॉ. उदयवीर सिंह मौजूद रहे। संचालन सौम्या गुप्ता ने किया।
