
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा, आगामी त्योहारों के मद्देनज़र सिटी मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी की उपस्थिति में सदर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, व्यापारी नेता, सभासदगण एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट श्री राजेन्द्र बहादुर सिंह ने सभी से श्रावण सोमवार, चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, नागपंचमी एवं बारावफात के त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
सीओ सिटी श्री अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाल श्री यशवंत सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन से त्योहारों के दौरान बिजली, पेयजल एवं सड़कों की व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
बैठक में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आलोक दीक्षित, अशोक जाटव, शावेज़ नकवी, आफताब खान, गुलशेर, सुधीर गुप्ता, इकरार, गुड्डू मंसूरी, लल्लू वारसी सहित व्यापार मंडल इटावा एवं पीस कमेटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
