
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
जसवंतनगर/इटावा। जसवंतनगर में रामलीला देखकर घर लौट रहे युवकों की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अपाचे बाइक पर पीछे बैठा युवक सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, विशाल कुमार (26) पुत्र कमलेश कुमार कठेरिया अपने दोस्त अंकुश निवासी बसरेहर के साथ अपाचे मोटरसाइकिल (UP75 AQ 1610) से जसवंतनगर रामलीला देखकर अपने गांव केलोखर, कुंजपुरा, थाना वैदपुरा लौट रहे थे। जैसे ही वे ब्लॉक के कुछ पीछे पहुंचे, तभी सामने से आ रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP75 AY 8683) सवार अंकित पुत्र गजेंद्र शाक्य निवासी बिहार भटपुरा कथित तौर पर गलत दिशा से आया और अपाचे बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, अपाचे पर पीछे बैठा अंकुश सुरक्षित रहा। उसने तत्काल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिपाही प्रदीप कुमार और सिपाही रवीश कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई रेफर कर दिया।
