
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। दिनांक 20 से 25 अगस्त 2026 तक डार्लिंग्स सनबीम स्कूल, चकिया, चंदौली (वाराणसी) में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में पुलिस मॉडर्न स्कूल, इटावा के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र मनीष कुमार ने अंडर-17 के 57-60 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ मनीष ने सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन RBSM पब्लिक स्कूल, गुरुग्राम (हरियाणा) में 08 से 11 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जिसमें मनीष प्रतिभाग करेंगे।
वहीं, अंडर-19 के 46-49 किलोग्राम भार वर्ग में विद्यालय के छात्र लकी राजपूत ने कड़े मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) प्राप्त किया। लकी के जुझारू प्रदर्शन और खेल भावना की भी सभी ने सराहना की।
छात्रों की इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, इटावा एवं प्रबंधक, पुलिस मॉडर्न स्कूल, बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है और उन्हें विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त अधिकारीगण एवं शिक्षक गजेंद्र सिंह तथा श्रीमती अलका सिंह ने भी दोनों खिलाड़ियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की बॉक्सिंग कोच कु. रुखसार बानो ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि दोनों बच्चों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि मनीष राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।
विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
