एसएसपी ने पुलिस बल के साथ शहर में किया पैदल गश्त

प्रमुख बाजारों, सर्राफा दुकानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ पूजा एवं देव दीपावली के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। गश्त के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा सर्राफा दुकानों एवं ज्वेलरी शोरूम का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसएसपी ने व्यापारियों एवं दुकानदारों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी सुझावों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने पुलिस बल को त्योहारों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने, बाजारों में प्रभावी गश्त एवं चेकिंग सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह ने थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत कोतवाली पुलिस बल के साथ पैदल गश्त के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही सर्राफा मार्केट एवं बर्तन मार्केट में अतिक्रमण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जिससे आवागमन सुचारु बना रहे एवं त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था कायम रहे। इस दौरान शहर कोतवाल यशवंत सिंह एवं पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।  शहर में गश्त कर सुरक्षा का जायजा लेते एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *