हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत इटावा पुलिस की बाइक तिरंगा रैली

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जनपद इटावा में बाइक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर किया। बाइक तिरंगा रैली पुलिस लाइन्स इटावा से प्रारम्भ हुई, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ प्रतिभाग किया।
रैली में महिला आरक्षियों एवं पुलिस आरक्षियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। पुलिसकर्मी तिरंगा ध्वज के साथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरे और आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
बाइक तिरंगा रैली का निर्धारित मार्ग पुलिस लाइन्स इटावा → एसएसपी चौराहा → शास्त्री चौराहा → नौरंगाबाद चौराहा → पक्का तालाब चौराहा → नुमाइश चौराहा → पुलिस लाइन्स इटावा रहा।
रैली के दौरान नगरवासियों में भी देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। पुलिसकर्मियों ने आमजन को “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। “हर घर तिरंगा” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संकल्प है।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभयनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में रैली के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखते हुए कार्यक्रम को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *