प्रमाण पत्र के साथ सेवन हिल्स की विजेता छात्राएं
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। सहोदय इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता में सेवन हिल्स इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में कुल 31 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की थीम “रेट्रो टू मेट्रो – 80 के दशक से 2025 तक का सफर” रही, जिसमें क्लासिक बॉलीवुड के सुनहरे दौर से लेकर आधुनिक बॉलीवुड तक की शानदार संगीतमय एवं नृत्य यात्रा प्रस्तुत की गई। इस प्रतियोगिता में सेवन हिल्स इंटर कॉलेज की 12 छात्राओं ने अपनी बेहतरीन नृत्य प्रस्तुति, शानदार तालमेल और आकर्षक मंच प्रदर्शन से निर्णायकों एवं दर्शकों का दिल जीतते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता छात्राओं मे ऋषिका, चित्रांशी राय, तनिष्का माथुर, परी शुक्ला, भूमि भदौरिया, गार्गी राजपूत, समृद्धि, परी यादव, सृष्टि राजपूत, तनु राजपूत, तपस्या चौहान, तन्वी यादव प्रमुख है।इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सौरभ दुबे, ट्रस्टी सुनील राजपूत एवं चेयरमैन एडवोकेट शिवकिशोर दुबे ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। सेवन हिल्स इंटर कॉलेज की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है।
