रक्षाबंधन पर्व पर नहीं हुई सफाई, उदी मोड़ चौराहे पर लगे कूड़े के ढेर

 सड़क पर लगे कूड़े के ढेर

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। रक्षाबंधन के त्योहार पर जहां कस्बों और बाजारों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान दिया जाता है, वहीं बढ़पुरा विकासखंड क्षेत्र के कस्बा उदी मोड़ चौराहे से चकरनगर रोड पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से सफाई व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। मार्ग किनारे फैले कूड़े के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर कूड़े के ढेर लगे होने से कस्बे की छवि भी खराब हो रही है। आरोप है कि संबंधित विभाग की ओर से कई दिनों से यहां नियमित साफ-सफाई नहीं कराई गई और न ही जमा कूड़े को उठाया गया। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बताया कि उदी मोड़ चौराहे पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा कूड़ा उठवाने की मांग को लेकर 10 अगस्त को खंड विकास अधिकारी बढ़पुरा और एडीओ पंचायत बढ़पुरा को लिखित ज्ञापन दिया गया था। ज्ञापन दिए जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि शिकायत और ज्ञापन के बावजूद कूड़े के ढेर जस के तस पड़े हैं।रक्षाबंधन के दिन भी सफाई व्यवस्था में सुधार न होने से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों ने अधिकारियों से मांग की है कि त्योहार को देखते हुए तत्काल कूड़ा उठवाकर चौराहे और चकरनगर रोड की साफ-सफाई कराई जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *