जिलाधिकारी ने पीईटी परीक्षा के तहत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया

 परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जा रही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दृष्टिगत जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, इटावा तथा जन सहयोगी बालिका इंटर कॉलेज, बसरेहर एवं मनभावती कुंवरी जन सहयोगी इंटर कॉलेज, बसरेहर में पहुंचकर परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की सुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ करें, ताकि परीक्षा जनपद में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *