डीएम ने रक्षाबंधन पर केंद्रीय कारागार का मुआयना कर व्यवस्थाओं को परखा

 केंद्रीय कारागार में रक्षाबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते डीएम

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने केंद्रीय कारागार का निरीक्षण कर रक्षाबंधन पर्व के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने जेल में निरुद्ध बंदियों से राखी बांधने के लिए पहुंची उनकी बहनों एवं परिजनों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी बहन को अपने भाई से मिलने अथवा राखी बांधने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान प्रवेश व्यवस्था, पंजीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, छायादार स्थान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रक्षाबंधन के अवसर पर दूर-दराज से अपने भाइयों को राखी बांधने आने वाली बहनों एवं परिजनों के साथ मानवीय एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का पर्व है। इस अवसर पर जेल में निरुद्ध बंदियों की बहनों को अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने का अवसर मिले, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जेल प्रशासन को रक्षाबंधन पर्व के दौरान व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *