धान खरीद, खाद की किल्लत और आलू के दाम के विरोध में भाकियू दिया ज्ञापन

मंडी समिति सचिव को ज्ञापन देते संजेश यादव

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत की मासिक पंचायत नवीन मंडी स्थित मंडी सचिव कार्यालय परिसर में हुई। पंचायत की अध्यक्षता रामनरेश यादव ने की। इसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की मांग उठाई गई। पंचायत के बाद संगठन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन मंडी सचिव शिवा आशीष को सौपा गया।जिलाध्यक्ष संजेश यादव ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसान खाद की किल्लत, धान खरीद में अनियमितताओं, आलू का उचित मूल्य नहीं मिलने और आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान से परेशान हैं। प्रशासन को इन समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराना चाहिए। तहसील अध्यक्ष जसवंतनगर बृजेश यादव ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुन सकता है तो किसानों के साथ बैठक क्यों नहीं करता। उन्होंने मांग की कि प्रशासन किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुने और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका समयबद्ध निस्तारण कराए।ज्ञापन में धान की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करने, बिचौलियों पर रोक लगाने, डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता, आलू किसानों को 400 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी देने, किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने और घरेलू बिजली 400 यूनिट तक मुफ्त देने सहित 14 मांगें उठाई गईं। इसके अलावा गन्ना भुगतान, मंडियों में तौल व्यवस्था में सुधार, खतौनियों की त्रुटियां दूर करने और आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा की मांग की गई। संगठन ने मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान रामनरेश यादव, राजेंद्र सिंह, बृजेश यादव, गिरजेश कुमार, योगेश कुमार, रविंद्र सिंह, कैलाश यादव सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *