कार्यक्रम की जानकारी देतीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती द्विवेदी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा की ओर से बुधवार को आगामी एक नवंबर को लगने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के प्रचार-प्रसार को लेकर पत्रकारों एवं न्यूज एंकरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती द्विवेदी ने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों को शिविर के उद्देश्य, आयोजन स्थल और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एक नवंबर को प्रातः 10 बजे प्रेरणा सभागार, विकास भवन, सिविल लाइन, इटावा में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में राजस्व, श्रम, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, आवास एवं नगर विकास, खाद्य, बैंकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी साझा की गई। सचिव ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस जनहितकारी आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएँ, ताकि जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति शिविर में पहुँचकर योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुचाना है।
