पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार: इटावा में पुलिस टीम पर फायर किया, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली; अवैध हथियार बरामद

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान
इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, चोरी, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
बाइक रोकी तो भागने लगा बदमाश
एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी ने बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस मंगलवार को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दतावली नहर पुल के पास एक युवक ने दूसरे व्यक्ति को तमंचा दिखाकर धमकाया और वहां से लोकासई नहर पुल की तरफ भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और लोकासई नहर पुल के पास वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई।
कुछ देर बाद एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर नहर पटरी के रास्ते जामुन के बाग की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। भागने के दौरान आरोपी की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घेर लिया।
पुलिस टीम पर बदमाश ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी शिवम वाल्मीकि के दाहिने पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को पुलिस ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू कराया गया। पुलिस ने मौके से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *