बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली राहत

अंडरब्रिज में भरे बरसात के पानी में फंसी कार

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। सुबह शुरू हुई बारिश ने लगातार उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाई। बारिश रुक-रुककर करीब दोपहर 12 बजे तक जारी रही। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश के बाद शहर के मैनपुरी फाटक रेलवे अंडरपास में जलभराव हो गया। पानी अधिक भरने के कारण दोनों तरफ से आवागमन को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अंडरपास के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई लोगों को दूसरे रास्तों से होकर निकलना पड़ा। शहर में बारिश के बाद कई मोहल्लों की गलियों में भी पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। बारिश रुकने के बाद भी कई स्थानों पर पानी भरा रहा। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से हर बार कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जुलाई 2025 में इटावा में 198.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी जबकि जुलाई 2026 में 172.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। इस तरह पिछले साल की तुलना में जुलाई में 26.4 मिलीमीटर कम बारिश हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *