स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते जिलाधिकारी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों की विस्तृत समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि 14 से 15 वर्ष 3 माह आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए 03 से 17 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा। यह टीकाकरण प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुख्यमंत्री आरोग्य मेला तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र स्तर पर किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा बालिकाओं को टीकाकरण से आच्छादित करने के निर्देश दिए। ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की समीक्षा में बताया गया कि कुल 82 आशाओं का चयन किया जा चुका है, जबकि 114 पदों पर चयन शेष है। जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ताओं का चयन स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी पहुंच के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जहां भी पात्र महिलाओं का चयन किया जाना है वहां शीघ्र प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए तथा चयनित आशा कार्यकर्ताओं को समय से प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। संस्थागत प्रसव की समीक्षा में बताया गया है कि कुल 7,761 संस्थागत प्रसव हुए हैं, जबकि जुलाई 2026निर्धारित लक्ष्य 14,007 है। निजी चिकित्सालयों में जुलाई 2026 तक 1,212 प्रसव हुए। जिलाधिकारी ने निजी चिकित्सालयों में उपलब्ध प्रसव सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों की समीक्षा में बताया गया कि एक अप्रैल 2026 से अब तक लाभार्थी संतृप्ति 68.49 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि प्रत्येक ब्लॉक की मासिक प्रगति की आइटमवार समीक्षा की जाए और जहां प्रगति कम है, वहां विशेष प्रयास कर सुधार किया जाए। जिला हेल्थ की-इंडिकेटर रैंकिंग में जनपद इटावा 75 जनपदों में 31वें स्थान पर है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बृजेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डा. पारितोष शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला डा. अनिल कुमार, समस्त एमओआईसी सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
