समर्पित कार्यकर्ता व सशक्त बूथ संगठन है भाजपा की सबसे बड़ी ताकत – कमलावती

बैठक में उपस्थित कमलावती सिंह व अन्य भाजपा नेता

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता की अध्यक्षता में मंडल कार्यसमिति सत्यापन एवं प्रवास हेतु जिला कार्ययोजना की बैठक हुई। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की मजबूती पर चर्चा हुई। बैठक का शुभारंभ भाजपा के प्रेरणा पुंज पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित करके हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, महिला कल्याण निगम अध्यक्ष व जनपद प्रभारी कमलावती सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता और सशक्त बूथ संगठन है। बूथ स्तर पर कार्य करने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव का वास्तविक योद्धा है और उसी के अथक परिश्रम से संगठन की विजय सुनिश्चित होती है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि वह बूथ तक निरंतर प्रवास, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान करे। पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार नियमित सम्पर्क व संवाद, सक्रिय प्रवास और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध हैं। प्रत्येक पदाधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में नियमित प्रवास कर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करें तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करें। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने कहा कि विपक्ष लगातार झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हमें समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और ऐतिहासिक उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है तथा विपक्ष के झूठ का तथ्यों के आधार पर जवाब देना है। संचालन अभियान संयोजक व जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़ ने किया। बैठक में पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, निवर्तमान जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, जिला महामंत्री सतेंद्र राजपूत, अभियान सह-संयोजक द्वय कृपा नारायण तिवारी, आयुष राज, जिला उपाध्यक्ष विरला शाक्य, अशोक चौबे, यशवर्धन चौधरी, संजीव भदौरिया, बासु चौधरी, जिला मंत्री राजकमल यादव, संजू बाबू शाक्य, प्रीती दुबे, जितेंद्र पाल, कोषाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, सह-कोषाध्यक्ष समीर सक्सेना, रजत चौधरी, वीरेंद्र बघेल, राजवर्धन भदौरिया, जितेंद्र जैन, किसान मोर्चा अध्यक्ष अवधेश चतुर्वेदी, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष उदयवीर दोहरे, किसान मोर्चा क्षेत्रीय महामंत्री विकास भदौरिया, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य, सह-मीडिया प्रभारी अंकित सैनी, आई टी जिला संयोजक शरद तिवारी, जिला संयोजक सोशल मीडिया विमलेश शाक्य पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *