शहर में पैदल गश्त करतीं एसपी सिटी बबीता सिंह
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों एवं संभ्रांत व्यक्तियों से वार्ता कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह ने थाना कोतवाली पुलिस के साथ आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शहर के प्रमुख बाजारों, सर्राफा मार्केट एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। उन्होंने पैदल गश्त के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए व्यापारियों एवं संभ्रांत व्यक्तियों से वार्ता की तथा त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए साथ ही दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण न करने तथा आवागमन सुचारु बनाए रखने हेतु निर्देशित किया एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की गई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली यशवंत सिंह एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
