युवा शाक्य संगठन ने प्रेस क्लब जसवंतनगर के पांचवीं बार अध्यक्ष बने प्रेम कुमार शाक्य का सम्मान किया

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। प्रेस क्लब जसवंतनगर के अध्यक्ष पद पर लगातार पांचवीं बार निर्वाचित हुए समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रेम कुमार शाक्य का उनके कार्यालय में युवा शाक्य संगठन द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर डॉ भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंटकर उनका सम्मान किया और उनके नेतृत्व को पत्रकारों के विश्वास तथा जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
युवा शाक्य संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एड.विवेक शाक्य ने कहा कि प्रेम कुमार शाक्य का लगातार पांचवीं बार अध्यक्ष चुना जाना उनकी निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनपक्षीय पत्रकारिता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि संगठन समाज में शिक्षा, सामाजिक एकता, युवाओं के नेतृत्व विकास और समाजहित के कार्यों के लिए निरंतर सक्रिय है तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान करना संगठन की परंपरा है।
प्रदेश महासचिव एवं सभासद प्रतिनिधि हेमू शाक्य ने प्रेम कुमार शाक्य को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और कहा कि संगठन समाजहित के कार्यों में सदैव सक्रिय रहेगा। सभी ने श्री शाक्य के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें लगातार पांचवीं बार अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी।
कार्यक्रम में जिला महासचिव विकास शाक्य, सूरज शाक्य, विपिन बिहारी, अंकित, विजय, नीटू सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *