भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी का इटावा में प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

करंट विज़न संवाददाता

मोहम्मद इमरान खान

इटावा, 25 जुलाई। भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को इटावा के सिविल लाइन स्थित बुद्ध विहार से जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कानपुर मंडल प्रभारी अभिषेक आज़ाद, जिला प्रभारी लकी जाटव, जिलाध्यक्ष सुंदरम बौद्ध, भीम आर्मी के कानपुर मंडल प्रभारी प्रशांत गौतम, भीम आर्मी इटावा जिलाध्यक्ष, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष तथा पूर्व मंडल प्रभारी मोहम्मद आमीन भाई एवं भर्थना से आज़ाद समाज पार्टी कांशीराम के विधायक प्रत्याशी विक्की कठेरिया ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, छात्र-छात्राएं और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
ज्ञापन में नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों और दिल्ली के जंतर-मंतर पर मृत छात्रा के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। इसके अलावा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और महिलाओं व छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई।
इस मौके पर पूर्व भीम आर्मी जिलाध्यक्ष मोहित गौतम, आज़ाद समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष जय प्रकाश जाटव, हर्ष चौधरी, गौरव जाटव, सुधीर जाटव, हाजी शेख शकील अहमद, रतन बौद्ध, अतुल आज़ाद, शिवम जाटव, भूरे जाटव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *