कार्यक्रम की जानकारी देते निदेशक डा.अनिल कुमार पटेल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा।उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोशियन के तत्वाधान में 7 से 9 अगस्त तक तीन दिवसीय 10वीं स्टेट योग स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप का आयोजन इटावा सफारी पार्क में किया जा रहा है। जिसमें उत्तर प्रदेश के 20 से 22 जनपदों के लगभग 250 से अधिक प्रतियोगी प्रतिभाग करेंगे। यह जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष व सफारी पार्क के निदेशक डा.अनिल कुमार पटेल ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में लखनऊ, मथुरा, आगरा, फर्रुखाबाद, अयोध्या,अलीगढ़, इटावा, बुलन्दशहर, उन्नाव, कानपुर, अमरोहा, झांसी, मुरादाबाद, वाराणसी, सहारनपुर, हरदोई, प्रयागराज, जौनपुर, बलरामपुर, गोण्डा, फतेहगढ़, बस्ती तथा बलिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने बताया कि यह चैम्पियनशिप तीन दिवसीय होगी।इस चैम्पियनशिप के टेक्निकल चेयरमैन डॉ. मुकेश राय होंगे। चैम्पियनशिप दो वर्गों बालक एवं बालिका जिसमें ग्रुप-1 मिनी 8 से 12 वर्ष तक, ग्रुप-2 सब जूनियर 12 से 14 वर्ष तक, ग्रुप-3 जूनियर 14 से 18 वर्ष तक, ग्रुप-4 सीनियर 18 से 35 वर्ष तक तथा ग्रुप-5 वरिष्ठ 35 से 45 वर्ष तक में आयोजित की जायेगी। चैम्पियनशिप का शुभारंभ 7 अगस्त को सायं 4 बजे होगा। 9 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे से समापन व पुरस्कार वितरण समारोह होगा। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
