
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश (इटावा) ने जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित के नेतृत्व में जीएसटी व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों एवं व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राज्य कर विभाग के डिप्टी डायरेक्टर (प्रशासन) अरुण सिंह के माध्यम से भारत सरकार की वित्त मंत्री के नाम 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांगों का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
ज्ञापन में कहा गया कि जीएसटी विभाग के कुछ अधिकारी तकनीकी त्रुटियों एवं मानवीय भूलों को आधार बनाकर व्यापारियों के विरुद्ध अनावश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। पर्याप्त कर जमा होने के बावजूद जुर्माना लगाए जाने से ईमानदार व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। व्यापार मंडल ने कहा कि सचल दलों का उद्देश्य कर चोरी रोकना होना चाहिए, न कि छोटी-छोटी कमियों के आधार पर नियमित करदाता व्यापारियों को परेशान करना।
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि 40 लाख रुपये तक के वार्षिक कारोबार वाले व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण से छूट होने के बावजूद विभागीय अधिकारी छोटे व्यापारियों पर पंजीकरण कराने का दबाव बना रहे हैं। इसके अलावा एसआईबी जांच के दौरान जांच पूरी होने से पहले ही कर जमा कराने का दबाव बनाए जाने को भी अनुचित बताया गया।
व्यापार मंडल ने जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये के बीमा की व्यवस्था किए जाने, डिजिटल कार्यों के लिए लैपटॉप एवं आवश्यक सॉफ्टवेयर निःशुल्क उपलब्ध कराने तथा विलंब से जीएसटी भुगतान पर लगने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 6 प्रतिशत करने की मांग की।
ज्ञापन में जीएसटी अधिनियम में जेल की सजा समाप्त कर केवल आर्थिक दंड का प्रावधान करने, तैयार तंबाकू एवं तंबाकू पत्ते पर जीएसटी दरों की विषमता समाप्त करने, अतिरिक्त आईटीसी एवं जीएसटी रिफंड रिटर्न दाखिल होने के बाद स्वतः व्यापारी के खाते में भेजने तथा विलंब होने पर ब्याज दिए जाने की भी मांग उठाई गई।
इसके अतिरिक्त ट्रांसपोर्टरों द्वारा ई-वे बिल-2 जनरेट होने की स्थिति में डबल सेल मानकर कार्रवाई न करने, पैकिंग सामग्री पर आईटीसी का पूरा लाभ देने तथा जीएसटी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी एवं व्यापार-अनुकूल बनाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष कामिल कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव, हाजी हन्नान मंसूरी, उद्योग मंच के जिला महामंत्री राहुल दीक्षित, जिला सचिव आफताब खान, युवा जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, युवा शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, युवा शहर उपाध्यक्ष हफीज खान, लाइन पार शहर उपाध्यक्ष बृजेश कुमार राठौर सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
