हर घर शान से लहराए तिरंगा, डीएम ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

 हर घर तिरंगा की समीक्षा करते जिलाधिकारी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘हर घर तिरंगा अभियान के सफल, व्यापक एवं गरिमामयी आयोजन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा विभागवार तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का जन-आंदोलन है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर निकाय, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालय, विद्यालय, महाविद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य संस्थान तथा अन्य सार्वजनिक भवनों पर निर्धारित तिथियों में राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराया जाए तथा प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।उन्होंने कहा कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सोशल मीडिया, जनसंपर्क, जागरूकता रैलियों, तिरंगा यात्राओं, प्रभात फेरियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग में फ्लैग कोड ऑफ इंडिया का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा तिरंगे की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के लिए दो करोड़ झण्डों का उत्पादन स्वयं सहायता समूहों तथा शहरी क्षेत्रों के लिए एक करोड़ झण्डों का उत्पादन राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पंचायतीराज विभाग एवं नगर विकास विभाग द्वारा कराया जाएगा। बैठक में सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *