उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों की समस्याओं को लेकर डिप्टी डायरेक्टर को दिया ज्ञापन जीएसटी विभाग पर व्यापारियों का शोषण करने का लगाया आरोप

 डिप्टी डायरेक्टर प्रशासन अरूण सिंह को ज्ञापन देते व्यापारी नेता।

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित के नेतृत्व में जीएसटी व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों एवं व्यापारियों की समस्याओं को लेकर राज्य कर डिप्टी डायरेक्टर प्रशासन अरूण सिंह के माध्यम से भारत सरकार के वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांगों का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। ज्ञापन में कहा गया कि जीएसटी विभाग के कुछ अधिकारी तकनीकी त्रुटियों एवं मानवीय भूलों को आधार बनाकर व्यापारियों पर अनावश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। पर्याप्त कर जमा होने के बावजूद जुर्माना लगाने से व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। सचल दलों का उद्देश्य कर चोरी रोकना है, न कि ईमानदारी से कर जमा करने वाले व्यापारियों को छोटी-छोटी कमियों के आधार पर परेशान करना। उन्होंने ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। व्यापार मंडल ने जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख के बीमा, पंजीकृत व्यापारियों को डिजिटल कार्यों के लिए लैपटॉप एवं आवश्यक सॉफ्टवेयर निःशुल्क उपलब्ध कराने, विलंब से जीएसटी भुगतान पर लगने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 6 प्रतिशत करने, जीएसटी अधिनियम में जेल की सजा समाप्त कर केवल आर्थिक दंड का प्रावधान रखने, पैकिंग सामग्री पर आईटीसी का पूरा लाभ देने तथा जीएसटी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी एवं व्यापार-अनुकूल बनाने की भी मांग की। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष कामिल कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव, हाजी हन्नान मंसूरी, चमन वारसी, राहुल दीक्षित, आफताब खान, धर्मेन्द्र यादव, सोनू अग्रवाल, हफीज खान, बृजेश कुमार राठौर आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *