इटावा रेलवे स्टेशन की लिफ्ट में तकनीकी खराबी, समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य करीब 5 मिनट तक फंसे रहे, लखनऊ जाने के लिए इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। इटावा रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक तकनीकी समस्या के कारण प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन के बीच संचालित लिफ्ट कुछ समय के लिए बंद हो गई, जिसमें समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य करीब 5 मिनट तक फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य गोमती एक्सप्रेस से लखनऊ जाने के लिए शाम लगभग पांच बजे इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान वह प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन के बीच लगी लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। बताया गया कि लिफ्ट अचानक झटके लेते हुए बीच में रुक गई और उसके बाद कुछ समय तक बंद रही। स्थिति को देखते हुए उन्होंने लिफ्ट के अंदर प्रदर्शित स्टाफ के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सूचना दी। साथ ही रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। करीब पांच मिनट तक लिफ्ट के अंदर श्री शाक्य के फंसे रहने के बाद अचानक बिजली बंद होकर दोबारा चालू हुई, जिसके बाद लिफ्ट धीरे-धीरे ऊपर की ओर आ गई। इसके बाद रेलवे स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया।
मौके पर मौजूद स्टाफ ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि वोल्टेज डाउन होने की वजह से यह समस्या उत्पन्न हुई। सुरक्षित बाहर निकलने के बाद समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने राहत की सांस ली और गोमती एक्सप्रेस में बैठकर लखनऊ चले गए। घटना के बाद यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन पर लगी लिफ्टों की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *