शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को लेकर हुई बैठक

डीएम के निर्देश विसर्जन केवल चिह्नित स्थलों पर ही किया जाए

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। आगामी शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत जनपद में कानून व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के संबंध में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक आयोजित की गई।बैठक में बताया गया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि (दुर्गा पूजा) का पर्व 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान जनपद के विभिन्न स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा के उपरांत विभिन्न स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम आयोजित होंगे। 20 अक्टूबर को विजय दशमी/दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इससे पूर्व एवं पर्व के दौरान रामलीला मंचन, मेले, शोभायात्रा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगामी 8 नवंबर को दीपावली पर्व भी मनाया जाना है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पर्व एवं आयोजन शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर यह सुनिश्चित किया जाए कि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी विभाग आपसी समन्वय से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के प्रमुख देवी मंदिरों, पूजा स्थलों, बड़े दुर्गा प्रतिमा स्थापना स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराई जाए। प्रतिमा विसर्जन के संबंध में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित एवं चिह्नित विसर्जन स्थलों पर ही कराया जाए। नदियों में प्रतिमा विसर्जन न किया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी आयोजन समितियों के साथ थाना स्तर पर बैठक कर ली जाए तथा प्रत्येक आयोजन के रूट का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। विशेष रूप से बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं शोभायात्राओं के मार्ग का पहले से निरीक्षण कर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, आईएएस कोमल पुनिया, एसपी सिटी बबिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित डीएम, एसएसपी व अन्य अधिकारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *