
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
जसवंतनगर। लखनऊ में हुए कोचिंग सेंटर हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जसवंतनगर क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी (CO) आयुषी सिंह एवं थाना प्रभारी कमल भाटी द्वारा विभिन्न कोचिंग सेंटरों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था तथा विद्युत प्रणाली की सुरक्षा का गहनता से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देशित किया कि सभी सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
CO आयुषी सिंह ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी कमल भाटी ने भी कोचिंग संचालकों को चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में निरीक्षण कार्य संपन्न हुआ।
