विधायक सरिता भदौरिया ने आवास पर सुनीं शिकायतें, लोगों ने की सराहना

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

इटावा। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विधायक सरिता भदौरिया ने अपने आवास पर जनता दरबार आयोजित किया, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। जनता दरबार में विधायक ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान कई लोग सड़क, बिजली, पानी, पेंशन और आवास जैसी समस्याओं को लेकर पहुंचे। इसी बीच एक महिला अपनी समस्या बताते हुए भावुक हो गई और रोते हुए शौचालय बनवाने की गुहार लगाने लगी। महिला की स्थिति देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। विधायक सरिता भदौरिया ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महिला को ढांढस बंधाते हुए विधायक ने कहा, “अब आप यहां से खुश होकर जाइए, मायूस होकर नहीं। आपकी समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा।” विधायक के इस संवेदनशील व्यवहार से जनता में संतोष देखने को मिला और लोगों ने उनकी कार्यशैली की सराहना की।
विधायक ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध समाधान कराना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का अवसर मिला, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आम जनता को राहत मिलती है और उनकी समस्याओं का समाधान आसान होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *