डा. कैलाश यादव को सम्मान देते जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छात्र पर्यावरण संसद के संयोजक एवं पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल मानिकपुर मोड ग्वालियर बायपास इटावा के प्रबंधक डॉ. कैलाश चंद्र यादव को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में “भागीरथ सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज एवं विद्यार्थियों में जागरूकता फैलाने, सतत विकास के लिए प्रेरित करने तथा छात्र पर्यावरण संसद के माध्यम से पर्यावरणीय चेतना का व्यापक अभियान संचालित करने के लिए प्रदान किया गया। इस गरिमामय समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव तथा नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के महाप्रबंधक डॉ. राजशेखर ने संयुक्त रूप से डॉ. कैलाश चंद्र यादव को भागीरथ सम्मान प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने डॉ. कैलाश चंद्र यादव द्वारा विद्यालयों एवं समाज में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास प्रदेश में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की दिशा में प्रेरणादायक सिद्ध होंगे। डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने इस उपलब्धि को छात्र पर्यावरण संसद से जुड़े सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए और अधिक जिम्मेदारी तथा प्रेरणा का स्रोत है। जल एवं पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। मुझे मिला यह भागीरथ सम्मान जनपद इटावा के लिए भी गौरव का विषय है। डा. कैलाश यादव को सम्मान देते जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह।
