
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल इटावा की युवा शहर इकाई का विस्तार आज होटल इम्पीरियल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर युवा शहर अध्यक्ष श्री सौरभ अग्रवाल ने संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई नियुक्तियों की घोषणा की।
कार्यक्रम में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सर्वेश सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष श्री आलोक दीक्षित, कोषाध्यक्ष श्री कामिल कुरैशी एवं युवा जिला अध्यक्ष श्री रियाज अब्बासी की उपस्थिति में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नियुक्तियों के तहत अमित कुमार राठौर, रोहित टंडन एवं हाफिज खान को युवा शहर उपाध्यक्ष, आशीष जैन एवं सचिन कुमार राठौर को शहर मंत्री तथा आनंद वर्मा को शहर संगठन मंत्री नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त मुख्य जिला कमेटी में श्री चमन वारसी को जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सर्वेश सिंह चौहान ने कहा कि व्यापारियों के मान-सम्मान एवं सुरक्षा के लिए व्यापार मंडल निरंतर विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी तंत्र द्वारा व्यापारियों का सर्वाधिक उत्पीड़न किया जाता है, ऐसे में संगठन का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है।
जिला अध्यक्ष श्री आलोक दीक्षित ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी तरह संकल्पित है तथा व्यापारियों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में युवा जिला महामंत्री अजीत कुमार, युवा जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र यादव, महिला प्रदेश मंत्री श्रीमती मंजू लता द्विवेदी, महिला जिला महामंत्री ममता दुबे, महिला जिला उपाध्यक्ष तनु वर्मा, करिश्मा ठाकुर, कोषाध्यक्ष रोशनी वर्मा, महिला संगठन मंत्री ज्योति पालीवाल एवं टीना वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इससे पूर्व नवनियुक्त पदाधिकारियों ने व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया।
