
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। जनपद इटावा में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इटावा पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार युवक को त्वरित राहत प्रदान की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना बढ़पुरा की साइबर सेल टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित ओमवीर यादव के बैंक खाते से ठगी गई ₹5,000 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित द्वारा 1930 साइबर हेल्पलाइन एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल टीम ने तकनीकी विश्लेषण करते हुए संबंधित बैंक एवं भुगतान सेवा प्रदाताओं के सहयोग से शीघ्र कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप पूरी धनराशि पीड़ित को वापस मिल सकी।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा, कांस्टेबल शुभम शर्मा, सौरभ कुमार एवं अजय कुमार की विशेष भूमिका रही।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें अथवा NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
