सांसद नरेश उत्तम पटेल बोले — बूथ कार्यकर्ता ही लोकतंत्र और संगठन की असली ताकत
करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर ।जनपद के खखरेरू क्षेत्र स्थित रक्षपालपुर के वी पैलेस में समाजवादी पार्टी द्वारा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खागा विधानसभा से टिकट की दावेदारी कर रहे इंजीनियर सिद्धार्थ कोरी द्वारा किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद नरेश उत्तम पटेल मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अफसर अली ने की।कार्यक्रम के दौरान पार्टी के 437 बूथ कार्यकर्ताओं, 37 सेक्टर प्रभारियों एवं 8 जोन प्रभारियों को गमछा एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पत्रकारों को भी सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।मुख्य अतिथि नरेश उत्तम पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच रहना होगा। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने एवं मतदाता सूची के गहन अवलोकन पर जोर दिया। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए किसानों, महंगाई और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के मुद्दे उठाए।कार्यक्रम आयोजक इंजीनियर सिद्धार्थ कोरी ने कहा कि बूथ, सेक्टर और जोन स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत और संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान से संगठन और अधिक मजबूत होता है।इस अवसर पर नरेश कोरी, पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस, रत्नेश रत्ना, संगीता राज पासवान, महफूज खां, शाहरुख खान, अंसार कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
