
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। जनपद के ऊसराहार थाना क्षेत्र में नवागत प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने कार्यभार संभालते ही सख्त कार्रवाई का संकेत देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन “लंगड़ा” के तहत दुष्कर्म के आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हो गया, जिसमें आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद्र के निर्देशन में संपन्न हुई। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार मिश्रा द्वारा कार्यभार संभालते ही की गई इस प्रभावी कार्रवाई को क्षेत्र में पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में इसे अहम कदम बताया है।
विदित हो कि नरेंद्र कुमार मिश्रा इससे पूर्व कोतवाली जसवंतनगर में इंस्पेक्टर क्राइम के पद पर तैनात रह चुके हैं और अपने कार्यकाल में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों का सफल खुलासा किया था।
