
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। शहर में वीआईपी रौब दिखाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए फर्जी विधायक पास, लाल-नीली बत्ती और हूटर लगी एक लग्जरी कार को सीज कर दिया। पुलिस ने वाहन स्वामी पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹20 हजार का जुर्माना भी लगाया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह यातायात पुलिस को सूचना मिली कि एक लग्जरी कार नुमाइश चौराहे की ओर से लाल-नीली बत्ती और हूटर लगाकर शहर की तरफ आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नौरंगाबाद चौराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध कार को रोक लिया।
चेकिंग के दौरान कार पर लाल-नीली बत्ती, हूटर तथा “विधायक” लिखा फर्जी पास लगा हुआ मिला। पुलिस ने चालक से संबंधित दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस के अनुसार, वाहन संख्या UP16 AB 2240 को तत्काल प्रभाव से सीज कर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया। साथ ही वाहन स्वामी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹20 हजार का चालान किया गया।
यातायात प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि लाल-नीली बत्ती, हूटर और वीआईपी प्रतीकों के अवैध उपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति ऐसे प्रतीकों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
