बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान के सफल कार्यान्वयन हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद के प्रत्येक आवासीय भवन, शासकीय एवं अर्ध-शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा स्वयं सहायता समूहों के भवनों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय कारीगरों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले तिरंगों का निर्माण व आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रभात फेरी, निबंध, चित्रकला व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कर युवाओं को देशप्रेम की भावना से जोड़ा जाए। उन्होंने समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी वार्डों में टीम लगाकर घर-घर जाकर झण्डे लगवाये जाएं एवं प्रमुख मार्गों, चौराहों तथा सरकारी पोलों को तिरंगा थीम से सजाया जाए। उन्होंने कहा कि तिरंगा मेला कार्यक्रम राजकीय इण्टर कॉलेज में आयोजित किया जाए एवं तिरंगा साइकिल यात्रा की जाए साथ ही देश भक्ति के गीत गाये जाएं। उन्होंने कहा कि “तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। इटावा का प्रत्येक नागरिक 13 से 15 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले और राष्ट्रभक्ति का परिचय दे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
