किसानों की समस्याओं से लेकर शराबबंदी और जौनपुर विश्वविद्यालय की मान्यता तक उठीं मांगें

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। सर्वजन सुखाय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद यादव के नेतृत्व में बुधवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने किसानों, शिक्षा, रोजगार, ग्रामीण संपर्क मार्ग सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 9 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद यादव ने कहा कि किसानों और आम जनता से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
ज्ञापन में खाद, बीज एवं कीटनाशक खरीद के लिए अनिवार्य की गई फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया को समाप्त करने की मांग की गई। पार्टी ने बाजार में बिक रही नकली खाद, बीज और कीटनाशकों पर रोक लगाने तथा अवैध विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई।
पार्टी ने सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, गांव-मोहल्लों में खुले शराब के ठेकों को बंद करने तथा उनकी जगह सरकारी विद्यालय खोलने की मांग की। इसके अलावा जौनपुर विश्वविद्यालय को शीघ्र मान्यता एवं संरक्षण देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
शिवप्रसाद यादव ने कहा कि देश के अन्नदाता किसानों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। इसके लिए किसानों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की मांग की गई।
ज्ञापन में नगर पालिका कर्मचारी स्व. राजीव यादव को आत्महत्या के लिए विवश करने के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार के आश्रित को सरकारी नौकरी तथा बकाया राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग भी की गई।
इसके साथ ही इटावा-यमुना रेत मार्ग बंद होने से सारंगपुरा, विक्रमपुर, पटेल नगर, जोहना, नगला हरजू और चौहान गांव के लोगों की प्रभावित आवाजाही का मुद्दा उठाया गया। ग्रामीणों की सुविधा के लिए रेलवे विभाग से शीघ्र अंडर रोड बनाए जाने तथा सारंगपुरा गांव में पूर्व प्रस्तावित रेलवे स्टेशन का निर्माण शुरू कराने की मांग की गई।
रेलवे ट्रैक के आसपास ट्रेन की चपेट में आकर हो रही बेसहारा गोवंशों की मौत को रोकने के लिए भी रेलवे विभाग से पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की गई।
इस अवसर पर सर्वजन सुखाय पार्टी के इटावा जिलाध्यक्ष विनय यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *