प्रशासनिक न्यायमूर्ति आशुतोष श्रीवास्तव को प्रतीक चिन्ह देते अधिवक्ता
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जनपद न्यायालय परिसर में व्याप्त मूलभूत सुविधाओं के अभाव और अधिवक्ताओं को आ रही व्यावहारिक समस्याओं को लेकर ‘डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन’ ने समस्याओं के निदान हेतु इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति आशुतोष श्रीवास्तव इटावा परिक्षेत्र को एक औपचारिक आवेदन पत्र देकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग की। डीबीए के सभी पदाधिकारीयों के साथ मुलाकात करते हुए डीबीए अध्यक्ष एडवोकेट राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मांग पत्र में मुख्य रूप से 6 प्रमुख मांगों को रेखांकित किया गया है जिसमें प्रमुख रूप से जुविनाइल बोर्ड का कार्यालय जनपद मुख्यालय से लगभग 8-10 किलोमीटर दूर होने के कारण अधिवक्ताओं और वादकारियों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसे मुख्यालय के पास स्थानांतरित किया जाए, बारिश के दिनों में पूरे न्यायालय परिसर और रास्तों में दूषित पानी भर जाता है। इसके स्थायी समाधान के लिए जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और परिसर की सड़कों का स्तर ऊचा उठाने की अपील की गई है। कड़ी धूप और बारिश से बचाव के लिए जनपद न्यायालय परिसर के प्रमुख आवागमन मार्गों को टिनशेड से आच्छादित करने की मांग रखी गई। अधिवक्ताओं के बैठने के लिए कुर्सियों की कमी को देखते हुए प्रत्येक न्यायालय में कम से कम 10-10 अतिरिक्त कुर्सियां उपलब्ध हों।
गर्मी और उमस के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित होने की बात कहते हुए बचे हुए सभी न्यायालय कक्षों को वातानुकूलित युक्त बनाने की मांग की गई है ताकि न्यायिक कार्य की गुणवत्ता बनी रहे। युवा वकालत पेशेवर अधिवक्ताओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सिविल कोर्ट परिसर की खाली भूमि पर 100 नए चैम्बर्स के निर्माण की आवश्यकता जताई गई। पत्र के अंत में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश कुमार त्रिपाठी महामंत्री नितिन तिवारी सहित बार के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक न्यायमूर्ति से अपील की कि संबंधित विभागों को जल्द से जल्द आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे अधिवक्तागण सुगमता से अपने न्यायिक दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इस मौके पर एडवोकेट राजवीर सिंह, योगेश यादव, अनूप शर्मा, सुनील यादव, डॉक्टर राजीव त्रिपाठी, वैभव मिश्रा, जयंत मिश्रा, लक्ष्मी शंकर यादव, अजीत ऋषिश्वर, आदित्य मोहन शर्मा सहित बार एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।
