
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को थाना बलरई पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं अन्य उपस्थित लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 व 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस टीम ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए। लोगों को किसी अंजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध अथवा अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने तथा ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई।
इस दौरान महिलाओं को जागरूकता पम्पलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इटावा पुलिस की ओर से बताया गया कि महिला सुरक्षा और जनजागरूकता को लेकर मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
