बड़े वाहनों पर लगे प्रतिबंध, दो पहिया वाहनों के लिए बनाई जाए पार्किंग
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। उद्योग व्यापार प्रतिनिमण्डल के जिला कोषाध्यक्ष मो. कामिल कुरैशी ने प्रशासन से मांग की है कि वह दीपावली त्यौहार के मद्देनजर बाजारों में अतिरिक्त सुरक्षा की व्यवस्था करे ताकि जनता को बाजार में कोई दिक्कत न हो। श्री कुरैशी ने कहा कि दीपावली पर बाजारों में काफी भीड़ भाड़ रहती है हजारों लोग बाजारों में सामान खरीदने आते हैं और उन्हें जाम में फंसकर परेशान होना पड़ता है इसलिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाए और शहर के जो प्रमुख बाजार हैं वहां फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए ताकि यदि कोई घटना घटती है तो तत्काल उस पर काबू पाया जा सके। उन्होंने कहा कि दीपावली के दिन महिलाओं की भी काफी भीड़ होती है और अराजकतत्व भीड़भाड़ का फायदा उठाकर हाथ साफ कर लेते है इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात किया जाए, चार पहिया, तीन पहिया खासकर ऑटो और ई रिक्शों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में नही आने दिया जाए और दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाए जिससे लोग आसानी से त्योहार पर सामान की खरीददारी कर सकें। श्री कुरैशी ने शहर की जनता से अपील की है कि वह त्योहारों पर प्रशासन का सहयोग करे और दीपावली के पर्व को आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ मनायें। जानकारी देते उद्योग व्यापार प्रतिनिमण्डल के कोषाध्यक्ष कामिल कुरैशी।
