अधिकारियों ने पीस कमेटी की बैठक में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

 पीस कमेटी की बैठक में निर्देश देते एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर एवं क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं संभ्रांत व्यापारियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में अधिकारियों द्वारा आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, पारस्परिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की साथ ही व्यापारियों से बाजारों में सुरक्षा, यातायात एवं साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपेक्षा की। बैठक में बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यकतानुसार वन-वे व्यवस्था लागू करने, मुख्य बाजारों एवं सड़कों से अतिक्रमण हटवाने तथा जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने, बाजारों में थ्री-व्हीलर एवं ई-रिक्शा के आवागमन को नियंत्रित करने तथा यातायात बाधित करने वाले फल एवं अन्य ठेलों को व्यवस्थित कराने, सदर बाजार, सर्राफा मार्केट एवं अन्य प्रमुख बाजारों में नियमित पुलिस गश्त एवं सुरक्षा एवं भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने तथा घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, बाजारों में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा संबंधित समस्याओं के यथासंभव त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई। इटावा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आगामी त्योहारों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *