बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई का उपयुक्त समय है। सभी विभाग आपसी समन्वय से पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जल जनित व वेक्टर जनित रोगों के त्वरित उपचार, नियमित मॉनिटरिंग, सर्विलांस, रिपोर्टिंग और डेटा विश्लेषण का काम पूरी सजगता से करे। नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फागिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव, जलभराव की निकासी, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा कचरा निस्तारण का विशेष अभियान चलाएं। शिक्षा विभाग से अध्यापकों के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को संचारी रोगों से बचाव के तौर-तरीके सिखाए जाएं और बच्चों को पूरी बाजू की ड्रेस पहनाने हेतु प्रेरित किया जाए। 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां संयुक्त रूप से घर-घर जाकर संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी और बुखार, इन्फ्लुएंजा, टीबी, कुपोषण, कुष्ठ, फाइलेरिया तथा कालाजार के लक्षणयुक्त मरीजों की सूची तैयार कर ई-कवच पोर्टल पर दर्ज करते हुए उनकी आभा आईडी जनरेट करेंगी। उन्होंने बताया कि 24 से 30 सितंबर के मध्य श्रम विभाग की तरफ से तीन दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जाए। जिसमें श्रमिको का स्वास्थ्य परीक्षण और दवाएं वितरण की जाएगी। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीके सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष पारितोष शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला अनिल कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त एमओआईसी सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
