गांव का भ्रमण करती राजस्व टीम
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। तहसील चकरनगर स्थित क्वारी नदी के तटवर्ती ग्रामों में नदी के बढ़े हुए जल स्तर से प्रभावित ग्रामों में राजस्व टीम द्वारा मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया गया। तहसील चकरनगर के अंतर्गत क्वारी नदी के तटवर्ती ग्रामों का सम्बंधित लेखपालों, राजस्व निरीक्षक व नायब तहसीलदार चकरनगर द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। तहसीलदार चकरनगर द्वारा चंदहसपुरा-पांडरी मार्ग व ग्राम सकेही सकरावाली व ललूपुरा आदि ग्रामों का मौके पर जाकर निरीक्षण कर ग्राम वासियों से क्वारी नदी में बढे हुये पानी के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गई। स्थलीय निरीक्षण व प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में क्वारी नदी में जल स्तर घटता हुआ पाया गया है। किसी भी ग्राम में बाढ़ जैसे हालात नहीं है, परंतु विगत दो दिनों पूर्व में क्वारी नदी के जलस्तर में वृद्धि होने के कारण 3 ग्रामों गुडभेली, बिरोनाबाग व कोटरा का संपर्क मार्ग जल भराव के कारण बंद हो जाने के कारण ग्राम वासियों द्वारा वैकल्पिक मार्ग से (यथा गुडभेली के लिए जहारपुरा होते हुए व कोटरा के लिए बिरोनाबाग होते हुए) आवागमन किया जा रहा है। ग्राम बिरोनाबाग के मार्ग पर क्वारी नदी का जलस्तर घटने के कारण आवागमन पुनः सामान्य हो गया है। ग्राम ललूपुरा के नदी के किनारे स्थित कुछ खेतों में जल भराव पाया गया किंतु वर्तमान में फसल क्षति नहीं हुई है, फिर भी लेखपालों द्वारा ऐसे काश्तकारों को चिन्हित प्रभावित गाटों के सर्वे हेतु निर्देशित किया गया है। वर्तमान में तहसील चकरनगर के क्षेत्रांतर्गत स्थित क्वारी नदी के तटवर्ती ग्रामों में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। यह भी अवगत कराना है की चंबल व यमुना नदी का जलस्तर निरंतर घट रहा है और उनके तटवर्ती ग्रामों में भी बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। सम्बंधित ग्रामों में राजस्व टीम द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। अब तक किसी भी प्रकार की कोई जनहानि अथवा पशुहानि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
