पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता ने भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता में कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक वृहद रूप से चलाया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला, विधानसभा, मंडल एवं बूथ स्तर तक 13 अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा अभियान का मूल भाव ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ है। इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यकर्ता सेवा कार्यों को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनाएं। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितम्बर की शाम 7 बजे जनपद भर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसके अंतर्गत प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं से जनपद में लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्वलित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर 200 व पूरे जनपद में 1 लाख 25 हजार दीये जलाने की योजना बनाई गई है। 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। 18 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से आए सकारात्मक बदलाव की कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। अभियान का समापन कार्यक्रम ‘सुशासन सेवा संवाद’ 17 अक्टूबर को प्रस्तावित है जिसमें सुशासन एवं सेवा के 25 वर्षों की यात्रा को जनप्रतिनिधियों एवं जनसेवकों की सहभागिता के साथ जनसंवाद का स्वरूप दिया जाएगा। प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, अभियान जिला संयोजक व जिला महामंत्री सतेंद्र राजपूत, जिला उपाध्यक्ष बासु चौधरी, यशवर्धन चौधरी व सह-मीडिया प्रभारी अंकित सैनी उपस्थित रहे।
