
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
कासगंज (उत्तर प्रदेश)। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे कासगंज जिले में एक ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान अचानक हवा में डगमगाने लगा और संतुलन बिगड़ने के बाद पास से गुजर रहे हाईवे के ऊपर बिजली के तारों में उलझ गया। इसके बाद विमान नीचे गिरकर क्रैश हो गया।
इस हादसे में विमान उड़ा रही 27 वर्षीय महिला ट्रेनी पायलट घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने में जुटा हुआ है।
