पुलिस मॉर्डन स्कूल के मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित

शिक्षा और खेल व्यक्तित्व निर्माण के सशक्त आधार – एसएसपी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोरखपुर में हुआ। प्रतियोगिता के कांस्य पदक मुकाबले में पुलिस मॉडर्न स्कूल, इटावा की अंडर-14 बालिका हॉकी टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए गुरु नानक पब्लिक स्कूल, झारखंड को 3-0 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया तथा जनपद इटावा, पुलिस परिवार एवं विद्यालय को गौरवान्वित किया। इसी क्रम में पुलिस मॉडर्न स्कूल इटावा के मेधावी छात्र अनुराग एवं चिराग ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता अर्जित कर विद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कांस्य पदक विजेता हॉकी टीम एवं नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले दोनों विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा और खेल दोनों ही व्यक्तित्व निर्माण के सशक्त आधार हैं। खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं, जबकि शिक्षा व्यक्ति को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए सक्षम बनाती है। क्षेत्राधिकारी लाइन आयुषी सिंह ने भी सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों ने खेल एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का कार्य किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक सक्सेना ने इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण बताते हुए सभी खिलाड़ियों, मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के समर्पण की सराहना की। हॉकी टीम की इस सफलता में विद्यालय की हॉकी प्रशिक्षक अलका सिंह, राखी राठौर तथा शारीरिक शिक्षक गजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन एवं अथक परिश्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मॉर्डन स्कूल के विद्यार्थियों के साथ एसएसपी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *