डीएम ने की बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

 बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला शिक्षण एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं के नामांकन एवं उपस्थिति, निपुण भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, पीएम पोषण, डीबीटी, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं तथा निरीक्षण व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में केवल नामांकन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की नियमित उपस्थिति, सीखने की क्षमता तथा शैक्षिक प्रगति सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।नजिलाधिकारी ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में उपलब्ध कराए जा रहे फर्नीचर की गुणवत्ता का स्वयं भौतिक सत्यापन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी निम्न गुणवत्ता का फर्नीचर स्थापित न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन का स्पष्ट फोकस है कि कोई भी बच्चा विद्यालय जाने से वंचित न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में शून्य नामांकन या अपेक्षाकृत कम नामांकन की स्थिति है, वहां विशेष रूप से कारणों का पता लगाया जाए तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी बच्चों का तत्काल नामांकन सुनिश्चित कराया जाए। मिड-डे मील की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मेन्यू के अनुपालन पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी विद्यालयों में समय से पठन-पाठन हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *