
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने विश्वविद्यालय के 500 बेडेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति महोदय ने दवा वितरण काउंटर, बिलिंग काउंटर, सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी तथा विभिन्न जांच सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं सपोर्ट स्टाफ की उपस्थिति की जांच करते हुए मरीजों को सुगम, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कुलपति महोदय ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर उपचार, पारदर्शी व्यवस्था एवं संतोषजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने, कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
UPUMS, सैफई का संकल्प — बेहतर उपचार, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं और मरीजों का अटूट विश्वास।
