
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा पुलिस के लिए आज का दिन अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। विभाग के 17 आरक्षी एवं 04 महिला आरक्षियों ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन एवं उत्कृष्ट सेवा के बल पर पदोन्नति प्राप्त करते हुए उपनिरीक्षक (Sub Inspector) के पद पर स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से न केवल संबंधित पुलिसकर्मियों के परिवारों में हर्ष का वातावरण है, बल्कि पूरे इटावा पुलिस परिवार में भी खुशी और गर्व की भावना है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश श्रीवास्तव ने सभी 21 नवपदोन्नत उपनिरीक्षकों को सम्मानित किया तथा उन्हें स्टार लगाकर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि इससे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का दायरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा जनसेवा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिणाम ही पदोन्नति के रूप में प्राप्त होता है। उन्होंने सभी नवपदोन्नत अधिकारियों को अपने अनुभव, व्यवहार और कार्यकुशलता से इटावा पुलिस की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।
इस सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सभी नवपदोन्नत उपनिरीक्षकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का वातावरण उत्साह, गर्व और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा।
इटावा पुलिस परिवार अपने सभी 21 नवपदोन्नत उपनिरीक्षकों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता है तथा विश्वास व्यक्त करता है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करते हुए जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करेंगे तथा इटावा पुलिस का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
