सीबीएसई ईस्ट ज़ोन शूटिंग प्रतियोगिता में संत विवेकानन्द का शानदार प्रदर्शन

मेडल विजेता खिलाड़ियों के साथ प्रधानाचार्य डा. आनन्द

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। सीबीएसई ईस्ट ज़ोन शूटिंग प्रतियोगिता में संत विवेकानन्द सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-17 आयु वर्ग की तीन सदस्यीय टीम ने 10 मीटर एयर राइफल पीप साइट टीम स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ टीम ने हैदराबाद में आयोजित होने वाली सीबीएसई नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया। सिल्वर मेडल जीतने वाली टीम में कक्षा 11-B के देवांग शर्मा, कक्षा 11-D के निशांत तथा कक्षा 8-D के आर्यन भदौरिया शामिल रहे। तीनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और एकाग्रता का परिचय देते हुए टीम को रजत पदक दिलाया। 10 मीटर एयर राइफल पीप साइट व्यक्तिगत स्पर्धा में विद्यालय के छात्र निशांत बघेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने भी अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सीबीएसई नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। सीबीएसई ईस्ट ज़ोन शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 8 से 11 अगस्त तक मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल, पयागीपुर, सुल्तानपुर में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें संत विवेकानन्द सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य/निदेशक डॉ. आनंद ने विजयी खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। संस्था के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सीबीएसई नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *