इटावा पुलिस और बेटियों के बीच विश्वास, स्नेह एवं सुरक्षा का अटूट बंधन

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा, 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर इटावा पुलिस द्वारा पुलिस-जनता के बीच विश्वास और आत्मीयता को मजबूत करने के उद्देश्य से “राखी विद खाकी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में यश इंटरनेशनल स्कूल एवं सेंट मारिया एसएम स्कूल की छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
नन्हीं बच्चियों द्वारा पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर राखी बांधे जाने के दौरान पुलिस लाइन का वातावरण स्नेह, अपनत्व और भावनाओं से सराबोर हो गया। छात्राओं ने अपने पुलिस भाइयों के स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बच्चियों को आशीर्वाद देते हुए उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। इटावा पुलिस जनपद की प्रत्येक बहन और बेटी की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
इसी क्रम में पुलिस कार्यालय में जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन की महिला सदस्यों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को राखी बांधी गई। एसएसपी ने सभी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से सहजता एवं आत्मविश्वास के साथ संवाद किया तथा अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं को साझा किया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के मन से पुलिस के प्रति किसी भी प्रकार के भय को दूर करना तथा उन्हें यह विश्वास दिलाना रहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव उनके साथ है।
“राखी विद खाकी” कार्यक्रम ने पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि खाकी केवल कानून और अनुशासन की पहचान नहीं, बल्कि समाज की बेटियों और बहनों की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति संवेदनशील जिम्मेदारी का प्रतीक भी है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारीगण
श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, इटावा
श्री अभयनाथ त्रिपाठी — अपर पुलिस अधीक्षक (नगर)
श्री संतोष कुमार — अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध)
श्री श्रीश्चन्द्र — अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)
श्री अवनीश सिंह — क्षेत्राधिकारी (नगर)
सुश्री आयुषी सिंह — क्षेत्राधिकारी (लाइन/जसवंतनगर)
इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इटावा पुलिस की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर यही संकल्प दोहराया गया कि जनपद की प्रत्येक बेटी और बहन की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास की रक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *