नारायन काॅलेज में मनाया गया शिक्षक दिवस
करंट विज़न संवाददाता
इटावा।नारायन काॅलेज आफ साइंस एण्ड आर्ट्स में शिक्षक दिवस के अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति डाॅ.एस.राधाकृष्णन को सहृदय याद किया गया तथा इस सुअवसर पर विद्यालय के अध्यापकों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की निदेशिका डाॅ. श्रेता तिवारी तथा प्रधानाचार्य डाॅ.धर्मेन्द्र शर्मा एवं पूनम शर्मा द्वारा माँ सरस्वती एवं पूर्व राष्ट्रपति डाॅ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमूर्ति पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डाॅ.धर्मेन्द्र शर्मा ने कहा कि बच्चों में अनुशासन, कर्तव्यपरायणता जैसे गुण बचपन से ही होने चाहिये जिससे बच्चों को अपने शिखर तक पहुँचने में कोई बाधा न आये, आज का दौर जिस गति से गुजर रहा है उससे आज हमें प्रेरणा लेनी चाहिये कि छात्र-जीवन ही एक ऐसा जीवन है जिसमें कुछ कर गुजरने की क्षमता होती है। मुख्य सलाहकार डाॅ.श्रेता तिवारी ने कहा कि व्यक्ति को पहली शिक्षा माँ से मिलती है अतः छात्र/छात्राओं को सर्वप्रथम अपनी माता को सम्मान एक शिक्षक के रूप में देना चाहिये। विद्यालय के वाइस चेयरमेन इंजी.अंकित तिवारी, निदेशिका डाॅ.श्रेता तिवारी,प्रधानाचार्य डाॅ. धर्मेन्द्र शर्मा एवं पूनम शर्मा ने शिक्षकों को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा सभी शिक्षकों को उपहार देकर शिक्षक दिवस की शुभकामनायें दीं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के कक्षा-12 के छात्र आराध्य दुबे एवं कक्षा-11 की छात्रा आराध्या व स्कूल कैप्टन आयुषी वर्मा द्वारा किया गया। विद्यालय की कार्डिनेटर उरूसा रिजवान, सीसीए काॅर्डिनेटर कृष्ण गोपाल त्रिवेदी, सीसीए इंचार्ज ऋतु कनौजिया,सीनियर टीचर सीमा मिश्रा,वैदेही ठाकुर आदि अध्यापकों का कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में उपस्थित प्रधानाचार्य डा. धर्मेंद्र शर्मा व अन्य।
